News 129 कलियर।
दरगाह साबिर पाक के सालाना उर्स के मौके पर गुरुवार को नौ चंदी जुमेरात पर हजारों जायरीन दरगाह में जियारत के लिए पहुंचे। बड़ी संख्या में जायरीनों ने दरगाह साबिर पाक में हाजिरी लगाकर दुआ-मन्नतें मांगी, लेकिन दरगाह परिसर में जायरीनों की सुविधा के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं नजर नहीं आईं।चिलचिलाती धूप और तपती गर्मी के बीच कई जायरीन दरगाह परिसर में फर्श पर बैठकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिए। महिलाओं, बुजुर्गों और छोटे बच्चों को गर्मी से राहत देने के लिए टेंट, पंखे अथवा अन्य छायादार व्यवस्था नहीं होने से उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ी। कई जायरीन हाथ के पंखों से गर्मी से राहत पाने का प्रयास करते नजर आए।
वहीं, उर्स के दौरान लगाए गए जर्मनी हैंगर की व्यवस्था को लेकर भी जायरीनों में नाराजगी है। जायरीनों का कहना है कि रात में हुई बारिश के दौरान कई स्थानों पर पानी अंदर पहुंच गया, जिससे बिस्तर, कपड़े और बैग तक भीग गए। हल्की बारिश में भी पानी अंदर आने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
दरगाह प्रशासन की ओर से उर्स को लेकर व्यवस्थाओं के बेहतर होने के दावे किए जाते हैं, लेकिन धरातल पर कुछ व्यवस्थाओं में कमी दिखाई देने से जायरीनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जायरीनों ने मांग की है कि उर्स के दौरान भीड़ और मौसम को देखते हुए दरगाह परिसर में पर्याप्त टेंट, पंखे, पेयजल और बारिश से बचाव की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि दूर-दराज से आने वाले जायरीनों को किसी तरह की परेशानी न हो।