कलियर कावड़ पटरी पर भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में 3 युवकों की मौत, 2 जिंदगी और मौत से जूझ रहे

NSG:- NEWS 129

पिरान कलियर। हरिद्वार जनपद के पिरान कलियर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कावड़ पटरी मार्ग पर बाजुहेड़ी के समीप दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का रुड़की सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा सोमवार रात करीब 10:30 बजे हुआ। दोनों बाइकें तेज गति से विपरीत दिशा से आ रही थीं। अचानक आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर के बाद दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। टक्कर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि तीन युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली कलियर प्रभारी कमल मोहन भंडारी पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस उनकी शिनाख्त कराने के साथ-साथ हादसे के वास्तविक कारणों की भी गहन जांच कर रही है।

इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि विशेषकर रात्रि के समय तेज गति से वाहन न चलाएं तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए सावधानी बरतें, ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके।