NSG:-कलियर कावड़ पटरी हादसे में मृतकों की हुई पहचान, तीसरे घायल ने भी इलाज के दौरान तोड़ा दम.

NSG:-NEWS 129

पिरान कलियर। सोमवार देर रात गंग नहर कावड़ पटरी मार्ग पर बाजूहेड़ी के पास हुए भीषण सड़क हादसे में मृतकों की पहचान हो गई है। हादसे में घायल एक युवक ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। वहीं दो अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।

सिविल लाइन कोतवाली पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान राजा (19) पुत्र अर्जुन निवासी खादरपुर, लक्सर, जसवीर पुत्र वीर सिंह निवासी खादरपुर, लक्सर तथा दीपक निवासी रोहाना कला हरिजन बस्ती, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है।

दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर बनी मौत की वजह:-पुलिस के अनुसार सोमवार देर रात बाजूहेड़ी के पास गंग नहर कावड़ पटरी मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई थी। एक बाइक पर दीपक और ज्ञानू सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर शिवम, राजा और जसवीर सवार थे। हादसा इतना भीषण था कि राजा और जसवीर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दीपक ने ऋषिकेश एम्स में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

दो युवकों की हालत गंभीर-हादसे में घायल ज्ञानू निवासी रोहाना कला, मुजफ्फरनगर तथा शिवम निवासी खादरपुर, लक्सर का उपचार अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों की निगरानी में दोनों का इलाज जारी है।

रात में ही मौके पर पहुंचे परिजन दर्दनाक हादसे की सूचना मिलते ही देर रात मृतकों और घायलों के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शवों का पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच जारी है।