सोनिया बस्ती पहुंचे नगर आयुक्त नंदन कुमार, गंगा तट पर गंदगी फैलाने वालों पर चला जुर्माने का डंडा

NSG:-NEWS 129

हरिद्वार। स्वच्छ हरिद्वार अभियान को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नगर आयुक्त नंदन कुमार ने सोमवार को ज्वालापुर स्थित सोनिया बस्ती का स्थलीय निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान गंगा तट पर कूड़ा डालने और गंदगी फैलाने वाले लोगों के खिलाफ मौके पर ही जुर्माने की कार्रवाई की गई। साथ ही क्षेत्र में संचालित अवैध डेयरियों को नोटिस जारी कर नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।

नगर आयुक्त ने डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक घर से नियमित रूप से कूड़ा उठाया जाए, ताकि किसी भी स्थान पर कचरा जमा न होने पाए। उन्होंने सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने मुख्य सफाई निरीक्षक सुनील कुमार को गंगा तटों का नियमित निरीक्षण कर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए। वहीं, सोनिया बस्ती की संकरी गलियों को देखते हुए संबंधित कंपनी को ई-रिक्शा अथवा छोटे वाहनों के माध्यम से घर-घर कूड़ा संग्रहण सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।

इस दौरान स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए गंगा तट एवं सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाने की अपील भी की गई। नगर आयुक्त नंदन कुमार ने कहा कि “स्वच्छ हरिद्वार” का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब आमजन भी इसमें सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन कर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।