चंद्रशेखर जोशी।
हरिद्वार के लोकप्रिय भाजपा नेता और व्यापारियों के रहबर सुनील शर्मा डिंपी की शुक्रवार को कोरोना से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उन्हें पिछले कुछ दिनों से बुखार था और उन्हें कल ही भेल अस्पताल लाया गया, जहां उन्होंने आज दम तोड दिया, उनकी कोरोना जांच पॉजिटिव आई थी। सुनील शर्मा भेल और शिवालिक नगर में खासे सक्रिय थे और लोगों से उनका बडा लगाव था। यही कारण है कि जिसे भी उनके देहांत की खबर पता लगी वो गमजदा हो गया।
————
शिवालिक नगर पालिका चुनाव में निभाई थी अहम भूमिका
नई बनी शिवालिक नगर नगर पालिका के पहले चुनाव में भाजपा ने राजीव शर्मा पर दांव खेला था जबकि स्थानीय भाजपा विधायक आदेश चौहान के समर्थक गुट ने बागी होकर निर्दलीय चुनाव लडा था। राजीव शर्मा के साथ तब भाजपा के बहुत कम लोग थे और शुरुआत में माहौल बागियों के पक्ष में लग रहा था, लेकिन वो सुनील डिंपी ही थे जो अपने दम पर तमाम बगावत के बाद राजीव शर्मा के साथ अटल इरादों को लेकर खडे रहे। सुनील शर्मा और उनकी टीम की बदौलत ही राजीव शर्मा चुनाव जीतने में कामयाब हुए और वर्तमान में नगर पालिका अध्यक्ष भी हैं।
———–
जिंदादिल इंसान थे सुनील शर्मा
सुनील शर्मा को जानने वाले लोग कहते हैं कि सुनील एक जिंदादिल इंसान थे और उनके दिल में किसी के प्रति कोई मैल नहीं था। उनके करीबी मित्र और वरिष्ठ पत्रकार कुणाल दरगन बताते हैं कि सुनील शर्मा साफ दिल के इंसान थे और किसी से कोई बैर नहीं रखते थे। यही कारण था कि उनसे शायद ही कभी कोई नाराज रहा हो। यही नहीं जबान के बहुत सच्चे और पक्के इंसान थे, जिसके साथ एक बार खडे हो गए फिर पीछे हटने का तो सवाल ही नहीं था।
Extremely sad news..he was very simple and always ready to help others. You will be missed bhaiya.