दरगाह प्रबंधन व्यवस्था में अनावश्यक हस्तक्षेप निंदनीय — प्रशासनिक कार्यों में बाधा डालने वालों पर हो कड़ी कार्रवाई

(News129) दरगाह पिरान कलियर की व्यवस्थाओं को लेकर कुछ तथाकथित सामाजिक तत्वों एवं बाहरी व्यक्तियों द्वारा लगातार भ्रामक आरोप लगाए जा रहे हैं, जिससे न केवल दरगाह की व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं बल्कि प्रशासनिक कार्यप्रणाली को भी अनावश्यक रूप से विवादित करने का प्रयास किया जा रहा है।

ज्ञातव्य है कि दरगाह पिरान कलियर की संपूर्ण प्रबंधन व्यवस्था जिला प्रशासन की निगरानी में संचालित होती है, जिसमें माननीय जिला अधिकारी हरिद्वार, उपजिलाधिकारी रुड़की एवं तहसील प्रशासन निरंतर व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। ऐसे में किसी बाहरी व्यक्ति, तथाकथित पत्रकार अथवा व्यक्तिगत स्वार्थ से प्रेरित तत्वों द्वारा प्रशासनिक निर्णयों पर सवाल खड़े करना एवं जनता के बीच भ्रम फैलाना अत्यंत निंदनीय है।

मोहम्मद रफी की नियुक्ति एवं बहाली संबंधी विषय भी प्रशासनिक प्रक्रिया के अंतर्गत किया गया विषय है। यदि दरगाह इंतजामिया द्वारा उनसे कार्य लिया जा रहा है, चाहे वह प्रशासनिक मौखिक निर्देशों के आधार पर हो अथवा लिखित आदेशों के अनुरूप, तो यह पूर्णतः प्रशासनिक अधिकार क्षेत्र का विषय है। इस प्रकार के मामलों में बाहरी हस्तक्षेप करना तथा बिना तथ्य जाने सोशल मीडिया एवं समाचार माध्यमों के जरिए दुष्प्रचार करना सीधे-सीधे प्रबंधन व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास प्रतीत होता है।

कुछ व्यक्तियों द्वारा लगातार दरगाह प्रशासन पर अनर्गल आरोप लगाकर माहौल खराब करने तथा सरकारी कार्यों में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास किया जा रहा है। यह भी देखने में आया है कि कुछ लोग स्वयं सिस्टम को अपने अनुसार चलाना चाहते हैं और जब प्रशासन उनके दबाव में कार्य नहीं करता तो वे भ्रामक प्रचार का सहारा लेते हैं।

दरगाह से जुड़े जिम्मेदार लोगों एवं आम जनमानस का मानना है कि ऐसे तत्वों के विरुद्ध प्रशासन को कठोर कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति प्रशासनिक कार्यों में अनधिकृत हस्तक्षेप कर व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास न कर सके।

दरगाह जैसी आस्था एवं संवेदनशीलता से जुड़ी संस्था में शांति, अनुशासन एवं प्रशासनिक गरिमा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। अतः समाज के जिम्मेदार लोगों को चाहिए कि वे अफवाहों एवं भ्रामक प्रचार से बचें तथा प्रशासनिक व्यवस्था पर विश्वास बनाए रखें।