रुड़की। शहर के एक बैंकट हॉल में बीती रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दूल्हे के रिसेप्शन समारोह में एक युवती ने पहुंचकर जमकर हंगामा किया। युवती के आरोपों के बाद खुशियों का माहौल तनाव में बदल गया और बिना दुल्हन की विदाई के ही बारात को वापस लौटना पड़ा।

क्या है पूरा मामला:-मिली जानकारी के अनुसार, युवक की शादी दो दिन पहले संपन्न हुई थी और बुधवार रात शहर के एक नामी बैंकट हॉल में रिसेप्शन (प्रीतिभोज) का कार्यक्रम चल रहा था। मेहमान खाने-पीने और जश्न में डूबे थे, तभी बुर्का पहनकर एक युवती वहां पहुंची और दूल्हे पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
युवती के गंभीर आरोप:-युवती का दावा है कि दूल्हे के साथ उसके पिछले 8 वर्षों से संबंध थे। उसने आरोप लगाया कि युवक ने उसे शादी का झांसा देकर लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण किया और अब उसे धोखा देकर दूसरी जगह शादी कर ली। युवती के इस खुलासे के बाद कार्यक्रम में मौजूद रिश्तेदारों और मेहमानों के बीच कानाफूसी शुरू हो गई और देखते ही देखते भीड़ छंटने लगी।
बिना दुल्हन के लौटी बारात:-हंगामे की सूचना मिलते ही वधू पक्ष (लड़की वाले) भी सकते में आ गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए वधू पक्ष ने तुरंत अपनी बेटी की विदाई रोकने का फैसला किया। उन्होंने दो-टूक शब्दों में कहा कि:”जब तक युवक इस मामले का निपटारा नहीं करता और युवती के आरोपों की सच्चाई सामने नहीं आती, तब तक बेटी को विदा नहीं किया जाएगा।
“देर रात तक चले इस ड्रामे के बाद दूल्हे और उसके परिजनों को बिना दुल्हन के ही बैरंग वापस लौटना पड़ा। फिलहाल यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और मामले की जानकारी पुलिस तक भी पहुँचने की खबर है।
