NSG:-जहरीले सांप के डसने से महिला की मौत, गांव में पसरा मातम,

NSG:-NEWS 129

पिरान कलियर,:- क्षेत्र के डालूवाला गांव में मंगलवार देर रात जहरीले सांप के डसने से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने सांप को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया, वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, डालूवाला गांव निवासी रीना मंगलवार रात अपने घर में रोजमर्रा के कार्य कर रही थीं। इसी दौरान एक जहरीला सांप अचानक घर में घुस आया और मौका पाकर रीना को डस लिया। सांप के डसते ही उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान रीना ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने वन विभाग को अवगत कराया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद जहरीले सांप को पकड़ लिया और उसे सुरक्षित दूर जंगल में छोड़ दिया।

उधर, घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया।

बुधवार को मृतका के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।