News 129:-
कलियर/धनौरी। धनौरी क्षेत्र में चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। आए दिन हो रही चोरी की वारदातों ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पत्रकार विवेक सैनी के घर में दिनदहाड़े हुई लाखों रुपये की चोरी का आज तक खुलासा नहीं हो सका है। इसी बीच अब चोरों ने धनौरी स्थित एक दुकान को निशाना बनाते हुए साइड की दीवार में सेंध लगाकर लैपटॉप, नकदी समेत हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया।
धनौरा निवासी ब्रिजेश सैनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि धनौरी में उनकी भारती इंटरप्राइजेज के नाम से दुकान है। बृहस्पतिवार शाम वह रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान की साइड वाली दीवार में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश किया और दुकान में रखा लैपटॉप, हजारों रुपये की नकदी, लाइट फिटिंग का पीतल, लोहे का सामान तथा पेंट से संबंधित सामग्री चोरी कर ली।
शुक्रवार सुबह जब ब्रिजेश सैनी दुकान खोलने पहुंचे तो दीवार में सेंध लगी देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और कई कीमती सामान गायब था। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पीड़ित ने पुलिस से अज्ञात चोरों का पता लगाकर चोरी हुआ सामान बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
लगातार चोरी की घटनाओं से उठ रहे सवालधनौरी क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों और व्यापारियों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि पूर्व में हुई कई चोरी की वारदातों का खुलासा नहीं होने से चोरों के हौसले बढ़ रहे हैं। पत्रकार विवेक सैनी के घर में दिनदहाड़े हुई लाखों रुपये की चोरी का भी अभी तक खुलासा नहीं हुआ है।
अब दुकान में सेंधमारी की घटना सामने आने के बाद क्षेत्रवासियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और पूर्व की चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है।पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और चोरों की तलाश की जा रही है।