तहसीलदार रुड़की का पेशकार दाखिल खारिज के मांग रहा था पैसे, पीड़ित ने पकड़वा दिया

NSG:- news129

रुड़की। तहसीलदार कार्यालय रुड़की में दाखिल-खारिज के कार्य के नाम पर रिश्वत मांगने के मामले में सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पीआरडी कर्मी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर शिकायतकर्ता से उसकी बहन की भूमि के दाखिल-खारिज को रजिस्टर में दर्ज कराने के एवज में 4500 रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने भ्रष्टाचार की शिकायत टोल फ्री नंबर 1064 पर दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि संदीप कुमार, जो तहसीलदार कार्यालय रुड़की में पेशकार का कार्य देख रहा था, दाखिल-खारिज की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए रिश्वत की मांग कर रहा है।

शिकायत मिलने के बाद सतर्कता विभाग ने मामले की जांच की। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता सेक्टर देहरादून के निर्देश पर एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया।

विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए शुक्रवार 19 जून 2026 को संदीप कुमार पुत्र बीरबल निवासी ग्राम थिथोला, थाना मंगलौर, जनपद हरिद्वार को तहसीलदार कार्यालय रुड़की से गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि उसने रिश्वत की रकम प्राप्त करने के बाद उसे एक अज्ञात व्यक्ति को देकर साक्ष्य नष्ट करने का प्रयास किया और उक्त व्यक्ति मौके से फरार हो गया।विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

फरार व्यक्ति की पहचान और उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।इस कार्रवाई के बाद तहसीलदार कार्यालय में हड़कंप मच गया। वहीं सतर्कता विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो उसकी शिकायत टोल फ्री नंबर 1064 पर दर्ज कराएं, ताकि भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।