धर्मनगरी में साधु की पत्थर से कुचलकर हत्या, 12 घंटे में नेपाली हत्यारोपी गिरफ्तार
*एनएसजी:-हरिद्वार*
कोतवाली नगर पुलिस ने दीनदयाल पार्किंग क्षेत्र में हुई एक साधु की हत्या का पर्दाफाश करते हुए महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को दबोच लिया है। मामूली रंजिश के चलते नेपाली मूल के एक व्यक्ति ने सो रहे साधु पर डंडे और पत्थर से हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दमबीती 21 अप्रैल को रोडीबेलवाला चौकी पुलिस को सूचना मिली कि दीनदयाल पार्किंग के पास हाईवे के बीच पीपल के पेड़ के नीचे एक साधु लहूलुहान हालत में पड़ा है। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल साधु को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान न होने पर पुलिस ने खुद वादी बनकर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया और जांच शुरू की।
सीसीटीवी और मुखबिरों से मिला सुरागएसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। मुखबिरों से सूचना मिली कि हुलिए से मिलता-जुलता एक संदिग्ध व्यक्ति गंगा सभा की अस्थायी पार्किंग के पास देखा गया है। पुलिस ने घेराबंदी कर वहां सो रहे व्यक्ति को हिरासत में लिया, जिसकी पहचान दीपक थापा निवासी नेपाल के रूप में हुई।
बदला लेने के लिए की हत्याआरोपी दीपक थापा ने पूछताछ में अपना जुर्म कुबूल करते हुए बताया कि कुछ दिन पहले सोने की जगह को लेकर साधु के साथ उसका विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते बीती रात उसने नशे की हालत में पहले बांस के डंडे से साधु पर हमला किया और बाद में भारी पत्थर से चेहरा कुचल दिया।
आरोपी ने बताया कि वह कुछ समय पहले ही चंडीगढ़ से हरिद्वार आया था।
पुलिस टीम की तत्परताहत्याकांड का जल्द खुलासा करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा, व0उ0नि0 गोपाल दत्त भट्ट, उ0नि0 नवीन नेगी, है0का0 सतीश नोटियाल, सतेंद्र कुमार और का0 अजीत तोमर शामिल रहे। पुलिस अब मृतक साधु के नाम-पते की जानकारी जुटाने के प्रयास कर रही है।
