कॉलेज के पास बीच सड़क पर हुई मारपीट, लोगों ने किसी तरह पीड़िता को छुड़ाया; पीड़िता ने धनौरी पुलिस चौकी में दी तहरीर, जान का खतरा जताया
Haridwar Viral News धनौरी क्षेत्र में एक विवाहिता छात्रा के साथ चार युवतियों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चारों युवतियों ने कॉलेज के पास विवाहिता को घेरकर उसके बाल खींचे और जमकर मारपीट की। बीच सड़क पर हुई इस घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह पीड़िता को युवतियों के चंगुल से छुड़ाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष की लड़कियां एक ही गांव के रहने वाली है। किसी मामले में एक दूसरे पर गलत टिप्पणी को लेकर विवाद होना बताया जा रहा है। पुलिस वीडियो का संज्ञान लेकर जांच के रही है।
जानकारी के अनुसार, दौलतपुर निवासी हिमांशी गिरी पत्नी चंद्रमोहन धनौरी स्थित एक कॉलेज में पढ़ाई करती हैं। बताया जा रहा है कि वह कॉलेज की पढ़ाई से संबंधित फाइल तैयार कराने के लिए कुछ कागजात की फोटोस्टेट कराने बाजार आई थीं। इसी दौरान पहले से मौजूद चार युवतियों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि इनमें दो युवतियां दौलतपुर, एक जसवावाला और एक धनौरी गांव की रहने वाली हैं।
Haridwar Viral News
बताया गया कि चारों युवतियों ने कॉलेज के पास ही हिमांशी के साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से विवाहिता खुद को बचाने का प्रयास करती रही, लेकिन युवतियों ने उसके साथ मारपीट और बाल खींचे। शोर-शराबा सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह पीड़िता को छुड़ाया। आरोप है कि जाते-जाते युवतियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद पीड़िता धनौरी पुलिस चौकी पहुंची और आरोपित युवतियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसे युवतियों से जान का खतरा है। उसका कहना है कि वह कॉलेज में अपनी पढ़ाई जारी रखना चाहती है, लेकिन इस घटना के बाद खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।
उधर, मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। अब सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर चार युवतियों ने विवाहिता छात्रा के साथ मारपीट क्यों की और विवाद की असली वजह क्या थी?
सीओ बहादराबाद देवव्रत जोशी ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।