News129:-पिरान कलियर।
धनौरी वन बीट क्षेत्र में वन माफियाओं ने एक बार फिर बेशकीमती खैर के पेड़ पर आरी चला दी। कांवड़ पटरी पर बिजलीघर से आगे काटे गए पेड़ की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।देर रात पेड़ काटते समय आहट होने पर माफिया कटे पेड़ को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सुबह सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पेड़ को कब्जे में ले लिया।
बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में पहले भी शीशम, सागौन और खैर के कई पेड़ काटे जा चुके हैं। खास बात यह है कि कटान स्थल के पास ही वन विभाग का ड्यूटी प्वाइंट है। लगातार हो रहे पेड़ों के कटान से वन विभाग की रात्रि गश्त पर सवाल उठ रहे हैं।
डीएफओ हरिद्वार स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि वन माफियाओं की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।