हरिद्वार कुंभ मेला 2027 कार्य के दौरान पीडब्ल्यूडी टीम पर हमला, सहायक अभियंता को पीटा, देखें वीडियो

अतिक्रमन चिन्हित करने के दौरान हुआ हमला, कनखल का मामला

हरिद्वार कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर अतिक्रमण चिन्हीकरण करने पहुंची लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की टीम पर कनखल क्षेत्र की इंदिरा बस्ती में हमला करने का मामला सामने आया है। सहायक अभियंता ने कोतवाली कनखल में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

तहरीर के अनुसार, सहायक अभियंता चंद्र लाल भारती विभागीय टीम के साथ विश्व कल्याण आश्रम, मातृ सदन आश्रम से ज्वालापुर की ओर प्रस्तावित मार्ग का चिन्हीकरण कर रहे थे। इसी दौरान इंदिरा बस्ती में कुछ लोगों ने सरकारी कार्य का विरोध करते हुए टीम के साथ मारपीट और धक्का-मुक्की की।

आरोप है कि राकेश पुत्र ओमपाल सहित संजीव, राजीव, अतिलाखा, पूराषा और उनके अन्य रिश्तेदारों ने विभागीय कर्मचारियों पर पत्थरों और ईंटों से हमला किया। घटना में सरकारी अभिलेख, डायरी और भूमि से संबंधित दस्तावेज भी छीन लिए गए। पीडब्ल्यूडी टीम ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए आवश्यक कागजात भी अपने कब्जे में ले लिए।

सहायक अभियंता ने कोतवाली कनखल में तहरीर देकर सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।