हरिद्वार नमामि गंगे घाट पर पुलिस-सेना ने चलाया स्वच्छता अभियान

News 129 हरिद्वार। कांवड़ मेला सकुशल संपन्न होने के बाद शुक्रवार को नमामि गंगे घाट पर हरिद्वार पुलिस एवं भारतीय सेना की सिख रेजिमेंट आर्टिलरी, रायवाला के संयुक्त तत्वावधान में विशेष स्वच्छता अभियान एवं देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य गंगा तट को स्वच्छ रखने के साथ ही लोगों को राष्ट्र एकता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ सिख रेजिमेंट आर्टिलरी के कमांडेंट ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ, जिससे पूरा घाट परिसर देशभक्ति के जज्बे से गूंज उठा।इसके पश्चात पुलिस, सेना के जवानों और स्थानीय स्वयंसेवकों ने नमामि गंगे घाट एवं आसपास के तटवर्ती क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। जवानों ने कंधे से कंधा मिलाकर घाट से प्लास्टिक, सूखा एवं गीला कचरा एकत्र किया।

करीब 6 टन कचरा किया एकत्र संयुक्त अभियान के दौरान नमामि गंगे घाट और आसपास के क्षेत्रों से करीब 6 टन कचरा एकत्र किया गया। एकत्रित कचरे को उचित निस्तारण के लिए भेजा गया।पुलिस-सेना ने दिया एकता का संदेशअभियान के माध्यम से हरिद्वार पुलिस और भारतीय सेना ने आपसी समन्वय, राष्ट्र एकता, नागरिक कर्तव्य एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों से भी गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।

कमांडेंट ने बताया राष्ट्रीय दायित्वसिख रेजिमेंट आर्टिलरी के कमांडेंट ने कहा कि नदियों और सार्वजनिक धरोहरों को स्वच्छ रखना हम सभी का राष्ट्रीय दायित्व है। पुलिस और सेना का संयुक्त स्वच्छता अभियान समाज में पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

हरिद्वार पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने अभियान में सहयोग के लिए सिख रेजिमेंट आर्टिलरी, रायवाला तथा स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया। साथ ही भविष्य में भी जनहित और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियानों में निरंतर सहभागिता का संकल्प दोहराया।स्वच्छ गंगा—निर्मल गंगा, स्वच्छ भारत—सशक्त भारत।