NSG:-NEWS 129हरिद्वार/मंगलौर।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक की दावत के बहाने बुलाकर गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे युवकों ने नहर किनारे पहुंचते ही तमंचे से फायर कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, पुरकाजी निवासी सुमित ने सौरभ को दावत के बहाने बुलाया था। सौरभ अपने दो दोस्तों डिंपल और आशीष के साथ मंगलौर क्षेत्र स्थित राजा ईंट भट्टे के पीछे नहर किनारे पहुंचा। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद अनुज, रोबिन और प्रद्युम्न ने सौरभ पर तमंचे से ताबड़तोड़ फायर कर दिया। गोली लगते ही सौरभ लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घायल सौरभ को तत्काल पुरकाजी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।मृतक के पिता राजेंद्र, निवासी मोहम्मदपुर, की तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।