NSG:-पिरान कलियर में आवारा कुत्तों का आतंक: चार दिन में दूसरी घटना, छह वर्षीय मासूम को बुरी तरह नोचा

NSG:-News129

पिरान कलियर। नगर पंचायत पिरान कलियर क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को ग्राम बेडपुर में वर्षा के दौरान घर के बाहर खेल रहे छह वर्षीय मासूम नवी पर आवारा कुत्तों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्चे के हाथ, गर्दन और शरीर के कई हिस्सों को बुरी तरह नोच डाला। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद कुत्तों को भगाकर मासूम की जान बचाई।

घटना के तुरंत बाद परिजन गंभीर रूप से घायल बच्चे को रुड़की के सिविल अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे एंटी रेबीज वैक्सीन (ARV) और सीरम लगाया। शरीर पर गहरे घाव होने के कारण डॉक्टरों को 40 से अधिक टांके लगाने पड़े।हैरानी की बात यह है कि चार दिन पहले भी कलियर गांव में स्कूल जा रहे एक बच्चे पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर उसे घायल कर दिया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बावजूद नगर पंचायत की ओर से आवारा कुत्तों को पकड़ने या लोगों को राहत देने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की और नगर पंचायत पिरान कलियर के अधिशासी अधिकारी से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए तत्काल विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि भविष्य में किसी मासूम की जान पर बनने वाली ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। लगातार हो रहे हमलों के बाद अब नगर पंचायत की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं।