News129:-हरिद्वार।
कनखल पुलिस ने आईटीआई जगजीतपुर के पास महिला से हुई चैन स्नैचिंग की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से छीनी गई सोने की चैन, 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर को गणपतिधाम फेस-3 निवासी महिला स्कूटी से घर लौट रही थीं। आईटीआई जगजीतपुर के पास बाइक सवार आरोपी ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। स्कूटी नहीं रोकने पर आरोपी ने लात मारकर उन्हें गिरा दिया और गले से सोने की चैन छीनकर फरार हो गया। इस दौरान महिला की तीन वर्षीय बच्ची भी गिरकर घायल हो गई थी।मामले में कनखल थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आसपास के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया।
25 सितंबर को सूचना पर जमालपुर-जियापोता रोड पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिरने के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान कुलदीप कुमार (27) पुत्र बीरबल, निवासी ग्राम रघुनाथपुर, थाना मंडावर, बिजनौर के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ कनखल, रानीपुर और ज्वालापुर में चैन स्नैचिंग समेत कई मुकदमे दर्ज हैं और वह वर्ष 2022 में भी कनखल पुलिस द्वारा पांच सोने की चैनों के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह रावत, व0उ0नि0 मनोज गैरोला, उ0नि0 नरेन्द्र सिंह रावत, उ0नि0 देवेन्द्र सिंह, अ0उ0नि0 ललित मोहन समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।