पुल जटवाड़ा पर हुआ हादसा, मची चीख पुकार
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में युवक गंगा के तेज बहाव में बह गया। युवक अपनी मंगेतर से मिलने पौड़ी से हरिद्वार आया था। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस व जल पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार पौड़ी निवासी विजेंद्र पोखरियाल शनिवार को हरिद्वार अपनी मंगेतर से मिलने आया था। दोनों शाम के समय पुल जटवाड़ा क्षेत्र स्थित घाट पर बैठे हुए थे। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान विजेंद्र गंगा में नहाने उतर गया। इसी दौरान वह तैरने लगा, लेकिन गंगा के तेज बहाव का अंदाजा नहीं लगा पाया और देखते ही देखते पानी की धारा में बह गया।
मंगेतर के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने युवक को बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलते ही जल पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कर दी गई। देर शाम तक सर्च ऑपरेशन जारी रहा।
घटना के बाद मंगेतर का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक कुछ देर तक पानी में संघर्ष करता दिखाई दिया, लेकिन फिर वह गहरे पानी में ओझल हो गया।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि गंगा घाटों पर सावधानी बरतें और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में न उतरें। खासकर मानसून और बढ़े जलस्तर के दौरान नदी में तैरने की कोशिश जानलेवा साबित हो सकती है। फिलहाल पुलिस और राहत दल युवक की तलाश में जुटे हुए हैं।
