कलियर। पुलिस की वर्दी पहनकर कानून व्यवस्था संभालने के साथ-साथ मानवता की सेवा करना भी हर किसी के बस की बात नहीं है। ऐसा ही सराहनीय कार्य कलियर कोतवाली में तैनात सिपाही कैलाश कर रहे हैं। वह अब तक 92 बार रक्तदान कर जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने में अपना अहम योगदान दे चुके हैं। उनके इस सेवा भाव और नेक कार्य की कलियर कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने भी प्रशंसा की है।

सिपाही कैलाश पुलिस की ड्यूटी के साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी बखूबी निभा रहे हैं। पिरान कलियर स्थित दरगाह क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर भी वह लगातार सक्रिय रहते हैं। खासकर रात्रि के समय दरगाह क्षेत्र में घूमने वाले मनचलों और नशेड़ियों के खिलाफ कार्रवाई कर शांति व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।दरगाह क्षेत्र में जायरीनों की सुरक्षा और स्थानीय व्यवस्था को लेकर उनकी सक्रियता देखने को मिलती है। एक तरफ जहां वह वर्दी की जिम्मेदारी निभाते हुए असामाजिक तत्वों पर नजर रखते हैं, वहीं दूसरी ओर रक्तदान के जरिए जरूरतमंदों की मदद कर मानवता की मिसाल पेश कर रहे हैं।
सिपाही कैलाश के 92 बार रक्तदान करने के जज्बे की कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने सराहना करते हुए उनके कार्य को प्रेरणादायक बताया। पुलिस विभाग में ऐसे जवानों की मौजूदगी न केवल विभाग की छवि को मजबूत करती है, बल्कि समाज को भी सेवा और जिम्मेदारी का संदेश देती है।