Dehradun Viral News : बिजनौर का हिस्ट्रीशीटर बना पत्रकार, प्रॉपर्टी डीलर से मांगे पांच लाख, गिरफ्तार, कई लोगों के स्टिंग मिले, हड़कंप

डायरी में मिला मोबाइल छिपाने के लिए बनाया गया सीक्रेट चैंबर, कई लोगों के गोपनीय वीडियो मिलने से जांच तेज

पटेलनगर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है आरोपी, दूसरे राज्यों में भी दर्ज हैं कई आपराधिक मामले

Dehradun Viral News खुद को न्यूज प्लेटफॉर्म का संचालक बताकर प्रॉपर्टी कारोबारी को कथित तौर पर ब्लैकमेल करने और झूठी खबर प्रसारित करने की धमकी देकर पांच लाख रुपये मांगने के मामले में दून पुलिस ने अनुज अग्रवाल नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर पीड़ित से 50 हजार रुपये अपने खाते में जमा भी करवा लिए थे। गिरफ्तार आरोपी पटेलनगर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर बताया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद की है।

खबर चलाने की धमकी देकर मांगे पांच लाख रुपये

पुलिस के अनुसार, आजाद कॉलोनी, माजरा निवासी तनवीर खान ने 19 अक्टूबर 2026 को पटेलनगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह कई वर्षों से देहरादून में प्रॉपर्टी का कारोबार कर रहे हैं और चांचक क्षेत्र की एक संपत्ति को लेकर कुछ लोगों के साथ उनका विवाद चल रहा है।

आरोप है कि 19 अक्टूबर की सुबह एक व्यक्ति ने उन्हें कई बार व्हाट्सऐप कॉल की। बाद में संदेश भेजकर खुद को एक न्यूज प्लेटफॉर्म का संचालक बताया और प्रॉपर्टी से संबंधित मामले में संपर्क किया। इसके बाद फोन पर धमकी देते हुए कहा कि उसके पास संपत्ति से जुड़ी कुछ खबरें हैं, जिन्हें न्यूज प्लेटफॉर्म पर प्रसारित कर वह उनकी मुश्किलें बढ़ा सकता है और उन्हें बर्बाद कर सकता है।

आरोप है कि खबरें प्रसारित नहीं करने के एवज में उनसे पांच लाख रुपये की मांग की गई। धमकी से डरकर शिकायतकर्ता ने आरोपी की ओर से उपलब्ध कराए गए एक्सिस बैंक खाते में 50 हजार रुपये जमा करा दिए। यह खाता अनुज अग्रवाल के नाम पर बताया गया है।

Dehradun Viral News

पीड़ित के अनुसार, रकम देने के बाद जब उसने दोबारा संपर्क किया तो आरोपी ने कथित तौर पर शेष रकम नहीं देने पर गाली-गलौज की और उसे देख लेने तथा बर्बाद करने की धमकी दी। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को लिखित शिकायत के साथ व्हाट्सऐप चैट के स्क्रीनशॉट और भुगतान के प्रमाण भी उपलब्ध कराए।

एसएसपी के निर्देश पर गठित हुई पुलिस टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने शिकायतकर्ता की ओर से उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों की जांच की, जिसके बाद संपर्क करने वाले व्यक्ति की पहचान अनुज अग्रवाल के रूप में होने की बात कही गई।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी को 19 अक्टूबर की रात पटेलनगर क्षेत्र में आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार किया गया। मामले में पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 773/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(2), 308(4), 351(3) और 352 में मुकदमा दर्ज किया गया है।

डायरी में मिला मोबाइल छिपाने का गुप्त चैंबर

पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से तीन मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद हुई। डायरी की जांच के दौरान उसमें मोबाइल फोन छिपाने के लिए बनाया गया एक गुप्त चैंबर मिला। पुलिस का दावा है कि इस व्यवस्था के जरिए आरोपी कथित रूप से लोगों के गोपनीय वीडियो बनाता था।

आरोपी के मोबाइल फोन से कई व्यक्तियों के गोपनीय रूप से बनाए गए वीडियो मिलने की बात भी पुलिस ने कही है। इन वीडियो की प्रकृति, उन्हें बनाने की परिस्थितियों और अन्य संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। इस बरामदगी के संबंध में जांच के निष्कर्ष सामने आना अभी बाकी है।

कई राज्यों में दर्ज हैं आपराधिक मामले

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी अनुज अग्रवाल, पुत्र स्वर्गीय आरएल अग्रवाल, मूल निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश, वर्तमान निवासी द्वारिकापुरी, क्लेमेंट टाउन, देहरादून है। उसकी उम्र 46 वर्ष बताई गई है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ देहरादून में धोखाधड़ी, मारपीट, धमकी, अमानत में खयानत और अन्य धाराओं के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ पटेलनगर कोतवाली में गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

इसके अतिरिक्त, पुलिस के अनुसार मध्य प्रदेश में चार, पंजाब में एक, ओडिशा में एक और गुजरात में एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है। संबंधित राज्यों से इन मामलों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस की कार्रवाई से मचा हड़कंप

इस मामले में पुलिस ने कथित ब्लैकमेलिंग और रंगदारी की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, डायरी में मिले गुप्त चैंबर और मोबाइल फोन से बरामद वीडियो की जांच अब मामले का महत्वपूर्ण पहलू बन गई है।

पुलिस का कहना है कि अपराध में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले में आगे की जांच जारी है।