पिरान कलियर। थाना क्षेत्र स्थित रेन बसेरे में ठहरे एक परिवार की नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार बच्ची अपने परिजनों के साथ रेन बसेरे में ठहरी हुई थी। देर रात परिजनों को बच्ची के साथ घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर सीओ बहादराबाद देवव्रत जोशी और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने रेन बसेरे और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। इसके साथ ही घटना के समय आसपास मौजूद लोगों और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान बच्ची के परिजन लंगर लेने के लिए गए हुए थे।
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।