Dehradun Murder Case अजय भटेजा हत्याकांड सुपारी किलर राजन की प्रेमिका हुमैरा गिरफ्तार, भाई ने दी थी सुपारी

करोड़ों की प्रॉपर्टी के लिए भाई ने ही रची हत्या की साजिश, शराब पिलाने के बाद तकिए से दबाया था गला

देहरादून के चर्चित अजय भटेजा हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए सुपारी किलर राजन उर्फ जैकी की प्रेमिका हुमैरा उर्फ जोया को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि करोड़ों रुपये की प्रॉपर्टी के विवाद में मृतक अजय भटेजा के भाई अमित भटेजा ने ही अपने भाई की हत्या की सुपारी दी थी।

पुलिस के अनुसार राजपुर थाना क्षेत्र के जाखन स्थित करोड़ों की संपत्ति को लेकर अमित भटेजा और अजय भटेजा के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को खत्म करने के लिए अमित ने मुजफ्फरनगर के शातिर बदमाश राजन उर्फ जैकी से संपर्क किया और उसे हत्या की सुपारी दी।


प्रेमिका के साथ मिलकर रची गई थी हत्या की पूरी साजिश

पुलिस जांच में पता चला कि राजन ने अपनी प्रेमिका हुमैरा उर्फ जोया निवासी सहारनपुर के साथ मिलकर पूरी वारदात को अंजाम दिया। योजना के तहत सभी लोग पिछले साल देहरादून पहुंचे और अजय भटेजा के घर पर रुके।

बताया जा रहा है कि हत्या से पहले अजय को शराब पिलाई गई। आरोपी चाहते थे कि पहले उससे प्रॉपर्टी के जरूरी दस्तावेज हासिल कर लिए जाएं, लेकिन जब अजय ने कागजात देने से इनकार किया तो विवाद बढ़ गया।

इसके बाद राजन ने अजय के साथ मारपीट की और फिर उसकी छाती पर बैठकर तकिए से उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।


हत्या को आत्महत्या दिखाने की थी साजिश

हत्या के बाद आरोपी राजन और हुमैरा ने शव को पंखे से लटकाकर पूरी घटना को आत्महत्या दिखाने की कोशिश की। हालांकि शव भारी होने के कारण वे उसे पंखे से नहीं लटका सके।

इसके बाद दोनों ने कमरे की सफाई कर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। शव को वापस बिस्तर पर लिटाकर चादर से ढक दिया गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि कमरे में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर और कुछ महत्वपूर्ण कागजात भी आरोपी अपने साथ ले गए थे।


राजन की गिरफ्तारी के बाद खुला पूरा राज

करीब एक साल तक यह मामला उलझा रहा, लेकिन कुछ दिन पहले पुलिस ने सुपारी किलर राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में राजन ने हत्या की पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।

राजन ने पुलिस को बताया कि हत्या के पीछे मृतक का भाई अमित भटेजा ही मुख्य साजिशकर्ता है। उसने अपनी प्रेमिका हुमैरा उर्फ जोया की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हुमैरा को गिरफ्तार कर लिया।


मुख्य आरोपी अमित भटेजा अब भी फरार

पुलिस के मुताबिक हत्या की सुपारी देने वाला मुख्य आरोपी अमित भटेजा अभी फरार है। उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

इस हत्याकांड ने देहरादून में सनसनी फैला दी है, क्योंकि करोड़ों की संपत्ति के लालच में भाई द्वारा ही अपने भाई की हत्या करवाने की साजिश ने सभी को चौंका दिया है।