देवप्रयाग/हरिद्वार। पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर कुंडधार के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित बोलेरो वाहन करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे में अफजाल पुत्र अकबर सूफी (49), उनकी पत्नी शब्बो (40), बेटी अन्नाविया (3), बेटे शादाब (14) और गुफरान पुत्र अकबर (34) की मौत हुई है। सभी मृतक लक्सर क्षेत्र के रायपुर जीतपुर गांव के रहने वाले थे।
हादसे में अरमान पुत्र अफजल गंभीर रूप से घायल हुआ है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और घायल को निकालकर उपचार के लिए बेस अस्पताल श्रीनगर भेजा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक अफजाल पौड़ी में ठेकेदारी का काम करते थे। बताया जा रहा है कि वह अपने परिवार को घुमाने के लिए पौड़ी की ओर जा रहे थे और वाहन स्वयं चला रहे थे। इसी दौरान कुंडधार के पास बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
पुलिस ने मृतकों के शवों को खाई से निकालकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की सूचना के बाद परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है।