दिवाली पर कलियर कोतवाल कमल मोहन भंडारी का बड़ा एक्शन, 25 हजार का इनामी गांजा तस्कर गाजियाबाद से गिरफ्तार

कलियर (न्यूज 129)।

नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कोतवाली कलियर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने करीब एक साल से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी गांजा तस्कर को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी 21 किलोग्राम अवैध गांजे की बरामदगी के मामले में वांछित चल रहा था। पुलिस की इस कार्रवाई को ऑपरेशन प्रहार एवं नशा मुक्त देवभूमि-2026 अभियान के तहत बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, 15 जुलाई 2025 को एएनटीएफ टीम ने बेड़पुर स्थित शाहजी पीर तिराहे के पास कार्रवाई करते हुए साबिर हुसैन नाम के आरोपी को 21 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में साबिर ने बताया था कि गांजा गाजियाबाद निवासी अमजद सिद्दीकी से लेकर आया था। गांजा कलियर में एक महिला को दिया जाना था। मामले में कोतवाली कलियर में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। इस प्रकरण में साबिर हुसैन और महिला आरोपी के खिलाफ आरोपपत्र न्यायालय भेज दिया गया था, जबकि अमजद लगातार फरार चल रहा था।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी। गाजियाबाद स्थित उसके ठिकानों पर कई बार दबिश दी गई, लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं आया। फरारी को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार की ओर से उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आखिरकार कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मैनुअल पुलिसिंग और लगातार सुरागरसी के आधार पर 7 नवंबर 2026 को गाजियाबाद के लोनी स्थित अंकुर विहार थाना क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमजद सिद्दीकी पुत्र असगर सिद्दीकी निवासी मिर्जापुर-2, विजयनगर, गाजियाबाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिकाकार्रवाई करने वाली टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, उपनिरीक्षक अमित नौटियाल, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, इसरार अली, तथा सीआईयू रुड़की के कांस्टेबल महिपाल सिंह शामिल रहे।