हरिद्वार, गणपति महोत्सव के अवसर पर हरिद्वार में गणेश प्रतिमाओं के सुरक्षित और व्यवस्थित विसर्जन को लेकर नगर निगम ने विशेष व्यवस्था की है। श्रद्धालुओं को गंगा के किसी भी घाट पर प्रतिमा विसर्जित करने के बजाय नगर निगम की ओर से निर्धारित और चिन्हित विसर्जन स्थलों पर ही विसर्जन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
नगर निगम के कर्मचारी शहर के वि CCTVभिन्न घाटों प तैनात होकर श्रद्धालुओं को निर्धारित विसर्जन स्थलों की जानकारी दे रहे हैं। कर्मचारियों की ओर से लोगों से अपील की जा रही है कि धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण और गंगा की स्वच्छता का भी विशेष ध्यान रखा जाए और गणपति जी की प्रतिमा का विसर्जन केवल निर्धारित स्थानों पर ही किया जाए।
नगर आयुक्त आईएएस नंदन कुमार स्वयं इस पूरी व्यवस्था का सुपरवीजन कर रहे हैं। नगर निगम की टीमों को घाटों पर व्यवस्थाओं की निगरानी करने और श्रद्धालुओं को लगातार जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से भी लोगों को निर्धारित स्थलों पर प्रतिमा विसर्जन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
नगर निगम की ओर से श्रद्धालुओं से विनम्र अपील की गई है कि गणपति जी की प्रतिमाओं का विसर्जन निर्धारित एवं चिन्हित विसर्जन स्थलों पर ही करें। इसके लिए बैरागी कैंप, श्री यंत्र पुल के पास तथा पंतद्वीप, पार्किंग गेट नंबर-2 के पास विसर्जन स्थल निर्धारित किए गए हैं।
नगर निगम का उद्देश्य गणपति विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ गंगा की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को भी सुनिश्चित करना है। निगम कर्मचारियों और सामाजिक संस्थाओं की टीमें लोगों को लगातार जागरूक कर रही हैं और हर घाट पर श्रद्धालुओं को निर्धारित विसर्जन स्थलों की ओर जाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।