लक्सर के विराज होटल का मामला, पुलिस जांच में जुटी
कई दिन में फिराक में था पति, रिश्तेदारों को लेकर पहुंचा
Haridwar Viral News हरिद्वार जनपद के लक्सर क्षेत्र स्थित एक निजी होटल में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक ने अपनी पत्नी को कथित प्रेमी के साथ देख लिया। गुस्साए पति ने परिजनों के साथ मिलकर युवक की जमकर पिटाई कर दी। होटल परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी और हंगामे का माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार युवक को सूचना मिली थी कि उसकी पत्नी एक अन्य युवक के साथ लक्सर के एक निजी होटल में मौजूद है। इस पर पति अपने परिजनों के साथ सीधे होटल पहुंच गया। अचानक पति और उसके परिजनों को सामने देखकर होटल में मौजूद युवक घबरा गया। बताया जा रहा है कि पकड़े जाने के डर से युवक होटल की छत से कूदकर भागने लगा।
Haridwar Viral News

हालांकि कुछ दूरी पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और वापस होटल के पास ले आए। इसके बाद गुस्साए पति और उसके परिजनों ने युवक की जमकर पिटाई कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन माहौल काफी तनावपूर्ण बना रहा।
होटल में मारपीट और हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया और थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
घटना के बाद होटल परिसर और आसपास के क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पूरे घटनाक्रम की चर्चा क्षेत्र में बनी हुई है।
