NSG:-news 129
पिरान कलियर। ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली कलियर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के दो ट्रैक्टर बरामद किए हैं। इनमें एक ट्रैक्टर वर्ष 2024 में कलियर क्षेत्र से चोरी किया गया था, जबकि दूसरा ट्रैक्टर पंजाब के नारायणगढ़ क्षेत्र से चोरी किया गया था।
पुलिस के अनुसार 16 मई 2024 को मुकर्रबपुर निवासी शफ्फकत का ट्रैक्टर संख्या UK17R-7322 चोरी हो गया था। मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था, लेकिन लंबे समय तक आरोपियों का पता नहीं चल सका। इसके बावजूद कलियर पुलिस लगातार मामले की जांच में जुटी रही।
9 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर दरियापुर मोड़ पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने तीन युवकों को दो चोरी के ट्रैक्टरों के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कलियर से ट्रैक्टर चोरी करने के साथ ही पंजाब से भी एक ट्रैक्टर चोरी करने की बात कबूल की।आरोपियों ने बताया कि चोरी के बाद ट्रैक्टरों की नंबर प्लेट हटा दी जाती थी और उन्हें गांवों में मिट्टी व मजदूरी के काम में लगाया जाता था, ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके।
गिरफ्तार आरोपियों में अजय कुमार निवासी लिब्बरहेड़ी, अभिषेक कुमार निवासी भलसुआ गाज और अंकुश निवासी फखरेहड़ी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल चौथे आरोपी हैप्पी की तलाश जारी है।
बरामदगीमहिंद्रा 575 ट्रैक्टर नंबर UK17R-7322स्वराज 855 ट्रैक्टर (लाल रंग)कलियर पुलिस की इस कार्रवाई से दो साल पुराने ट्रैक्टर चोरी के मामले का खुलासा हो गया है और पीड़ित किसान को उसका ट्रैक्टर वापस मिलने की उम्मीद जगी है।