अतीक साबरी:-
पिरान कलियर। पिरान कलियर की गलियों को अतिक्रमण के मकड़जाल से मुक्त कराने के लिए तहसीलदार व दरगाह प्रबंधक विकास अवस्थी और कलियर थाने के एसएसआई देवेंद्र तोमर ने मोर्चा संभाल लिया है। शुक्रवार को इन दोनों जांबाज अधिकारियों ने अपनी संयुक्त टीम के साथ साबरी गेस्ट हाउस से लेकर पीपल चौक तक ऐसा सघन अभियान चलाया कि बरसों से जमे अतिक्रमणकारी बैकफुट पर आ गए। अपनी कार्यशैली और सख्ती के लिए पहचाने जाने वाले इन दोनों अफसरों ने साफ कर दिया कि व्यवस्था बिगाड़ने वालों के लिए दरबार में कोई जगह नहीं है।
मैदान में उतरे जांबाज अफसर: विरोध करने वालों को अपनी भाषा में समझायाअभियान के दौरान जैसे ही टीम साबरी गेस्ट हाउस पहुंची, कुछ रसूखदार अतिक्रमणकारियों ने विरोध की चिंगारी भड़काने की कोशिश की। माहौल गरमाता देख तहसीलदार विकास अवस्थी ने बेहद शांति लेकिन दृढ़ता के साथ स्थिति को संभाला, वहीं एसएसआई देवेंद्र तोमर ने अपनी पुलिस टीम के साथ मोर्चा लेते हुए हुड़दंगियों को कड़ी चेतावनी दी। अधिकारियों के इस ‘हीरो’ वाले तेवर को देख विरोध करने वाले लोग चुपचाप हटने पर मजबूर हो गए। प्रशासन की इस सख्ती ने आम जनता और जायरीनों के बीच यह विश्वास जगाया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।
नालों से हटा कब्जा, चोक पड़ी व्यवस्था को दी ‘संजीवनी’विकास अवस्थी और देवेंद्र तोमर की इस जोड़ी ने केवल खानापूर्ति नहीं की, बल्कि खुद खड़े होकर नालों के ऊपर जमे अवैध अतिक्रमण को हटवाया। सालों से दुकानदारों ने नालों पर कब्जा कर रास्ता बंद कर रखा था, जिससे जल निकासी ठप थी और गंदगी का अंबार लगा था। टीम ने दर्जनों रेडी-ठेली, कुर्सियां, बेंच और सड़कों पर फैला हुआ सामान जब्त कर अपने कब्जे में लिया।
अधिकारियों की इस कार्रवाई से न सिर्फ नाले साफ हुए, बल्कि जाम की समस्या से कराह रहे पीपल चौक को भी मुक्ति मिल गई।जायरीनों के लिए ‘संकटमोचक’ बने अधिकारीदरगाह आने वाले जायरीनों को अक्सर संकरी सड़कों और अतिक्रमण के कारण घंटों पैदल चलने में भारी परेशानी होती थी। तहसीलदार विकास अवस्थी ने मौके पर कहा कि जायरीनों की सुविधा सर्वोपरि है और उनके रास्ते में आने वाली हर बाधा को इसी तरह हटाया जाएगा।
वहीं एसएसआई देवेंद्र तोमर ने साफ लफ्जों में चेतावनी दी कि यदि दोबारा अतिक्रमण हुआ तो प्रशासन और भी भयानक कार्रवाई करेगा। पिरान कलियर की जनता अब इन दोनों अधिकारियों की कार्यकुशलता और निष्पक्ष कार्रवाई की जमकर तारीफ कर रही है।
