News129:-
भगवानपुर कस्बे की गैस प्लांट कॉलोनी में गुरुवार रात युवक आदि राणा की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, विवाद खत्म कराने और बातचीत के बहाने आदि राणा को चाय पर घर बुलाया गया था। इसी दौरान दोबारा विवाद हुआ और गोली चलने से आदि राणा गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपितों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद किया है।पुलिस के मुताबिक, गुरुवार रात आदि राणा के दोस्त का लकी शर्मा से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह मामला शांत करा दिया। इसके बाद लकी शर्मा के पिता अनिल शर्मा ने आदि राणा से फोन पर बातचीत की और विवाद खत्म करने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद आदि राणा को चाय पीने और बातचीत के बहाने गैस प्लांट कॉलोनी स्थित अपने घर बुलाया गया।
बताया गया कि आदि राणा अपने तीन दोस्तों के साथ अनिल शर्मा के घर पहुंचा था। घर पर बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच फिर विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान अनिल शर्मा, उसके पुत्र राहुल शर्मा और लकी शर्मा ने आदि राणा पर गोली चला दी। गोली गर्दन के पास लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
गोली चलते ही मची अफरातफरी गोली चलने की आवाज से आसपास के क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। घायल आदि राणा को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही भगवानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अनिल शर्मा और उसके दोनों पुत्र राहुल शर्मा व लकी शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तमंचा बरामद किया।
घर बुलाने की वजह भी जांच के घेरे में पुलिस की जांच में आदि राणा को विवाद खत्म करने के बहाने घर बुलाने का पहलू भी अहम माना जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घर पर पहुंचने के बाद घटनाक्रम किस तरह बढ़ा और गोली चलने की नौबत कैसे आई। पुलिस घटना के समय मौजूद लोगों और आदि राणा के साथ गए उसके दोस्तों से भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमे में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद तमंचे को कब्जे में लेकर पुलिस ने उसकी भी जांच शुरू कर दी है।