NSG:-चलती बाइक पर विवाद के बाद मां ने मासूम बेटी संग लगाई गंगनहर में छलांग, मचा हड़कंप

NSG:-NEWS 129

हरिद्वार/कलियर। थाना कलियर क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। मायके जा रही एक महिला ने कथित तौर पर पति से कहासुनी के बाद अपनी एक वर्षीय बेटी के साथ गंग नहर में छलांग लगा दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नहर में तलाश अभियान शुरू कर दिया।

जानकारी के अनुसार अर्जुन (35) पुत्र बालेश्वर निवासी कोटा मुरादनगर, थाना कलियर अपनी पत्नी सविता (30), एक वर्षीय बेटी नोनी और करीब चार वर्षीय बेटे नक्श के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से सविता के मायके रायपुर दरेड़ा, थाना बहादराबाद जा रहा था। बताया जा रहा है कि रास्ते में डीपीएस कॉलेज, दौलतपुर के पास पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के बाद सविता ने बाइक रुकवाई और अपनी एक वर्षीय बेटी को लेकर गंग नहर में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ को बुलाया गया।

टीम ने नहर में सघन सर्च अभियान शुरू कर दिया है।फिलहाल महिला और मासूम बच्ची का कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा एसडीआरएफ का रेस्क्यू अभियान जारी है।