कलियर नो चंदी जुमेरात से पहले दरगाह में सख्ती, फर्जी खादिमों पर विकास अवस्थी का शिकंजा

News:-129 पिरान कलियर

पिरान कलियर। उर्स के बाद गुरुवार को होने वाली नो चंदी जुमेरात को लेकर रुड़की तहसीलदार एवं दरगाह प्रबंधक विकास अवस्थी ने दरगाह की व्यवस्थाओं को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने दरगाह कर्मचारियों और सुरक्षा में तैनात पीआरडी जवानों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नो चंदी जुमेरात के मौके पर बड़ी संख्या में पहुंचने वाले जायरीनों की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए और उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो।

विकास अवस्थी ने व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश आज से ही जारी करते हुए फर्जी खादिमों पर विशेष निगरानी रखने को कहा है। उन्होंने साफ किया कि दरगाह परिसर में किसी भी फर्जी खादिम को जायरीनों से जियारत के नाम पर अवैध वसूली नहीं करने दी जाएगी। ऐसा करते पकड़े जाने पर उसे तत्काल पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया जाएगा और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दरगाह प्रबंधक विकास अवस्थी ने बताया कि कुछ फर्जी खादिम सुबह करीब छह बजे ही दरगाह परिसर में प्रवेश कर जायरीनों से जियारत के नाम पर वसूली शुरू कर देते हैं। ऐसे लोगों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले करीब एक सप्ताह से फर्जी खादिमों के खिलाफ बरती जा रही सख्ती का असर अब दरगाह परिसर में साफ दिखाई देने लगा है।

विकास अवस्थी ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों और पीआरडी जवानों को भी चेतावनी दी है कि उनकी मौजूदगी में यदि कोई फर्जी खादिम दरगाह के अंदर सक्रिय पाया गया तो संबंधित कर्मचारी और जवान की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। लापरवाही मिलने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।दरगाह प्रबंधक के निर्देश के बाद दरगाह परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ जायरीनों की सुविधा पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।

निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए विकास अवस्थी लगातार फर्जी खादिमों की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। नो चंदी जुमेरात से पहले दरगाह में व्यवस्था दुरुस्त करने और अवैध वसूली पर रोक लगाने को लेकर प्रशासन की सख्ती चर्चा में है।