news129:-पिरान कलियर:-
पिरान कलियर। कलियर नगर पंचायत क्षेत्र में मेले के बाद पसरी गंदगी और बढ़ते मक्खी-मच्छरों के प्रकोप को लेकर स्थानीय लोगों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार को नगर पंचायत की ओर से कुछ देर के लिए कीटनाशक का छिड़काव कराया गया, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि इसके बाद सफाई व्यवस्था फिर जस की तस बनी हुई है।
जगह-जगह गंदगी और कूड़े के ढेर के चलते मक्खी-मच्छरों का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल कुछ देर कीटनाशक का छिड़काव कराने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। नालियों और कूड़े की नियमित सफाई के साथ ही मच्छरों की रोकथाम के लिए लगातार फॉगिंग और कीटनाशक का छिड़काव कराया जाना जरूरी है।
लोगों को आशंका है कि यदि समय रहते सफाई व्यवस्था पर गंभीरता नहीं दिखाई गई तो गंदगी के कारण बीमारी फैलने का खतरा बढ़ सकता है।वहीं नगर पंचायत के विपक्षी नेताओं की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जनता से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष भी मूकदर्शक बना हुआ है। आरोप है कि चुनाव के समय ही कलियर के नेताओं को जनता और विकास की याद आती है, जबकि चुनाव बीतने के बाद स्थानीय समस्याओं को लेकर आवाज उठाने वाले नजर नहीं आते।
लोगों का कहना है कि विकास के बड़े-बड़े दावे करने वाले जनप्रतिनिधि कम से कम कलियर नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था जैसे बुनियादी मुद्दे पर ही आवाज उठाएं। जनता अब नेताओं से सवाल कर रही है कि यदि क्षेत्र में गंदगी और मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है तो इसका विरोध कौन करेगा और नगर पंचायत से जवाब कौन मांगेगा?
स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत से सिर्फ औपचारिक कार्रवाई के बजाय नियमित सफाई, नालियों की सफाई और प्रभावी फॉगिंग अभियान चलाने की मांग की है।