कलियर गंगनहर तैरकर पार कर रहा बरेली का जायरीन डूबा,

NSG:-(news129)

पिरान कलियर (उत्तराखंड): पिरान कलियर दरगाह क्षेत्र में एक बड़ा हादसा सामने आया है। उत्तर प्रदेश के बरेली से अपने दोस्तों के साथ जियारत करने आया एक 20 वर्षीय युवक नई गंगनहर में डूबकर लापता हो गया। बताया जा रहा है कि युवक गंगनहर को तैरकर पार करने की कोशिश कर रहा था, तभी पानी के प्रचंड वेग के कारण वह खुद को संभाल नहीं पाया और देखते ही देखते आंखों के सामने ओझल हो गया।

​बरेली से दोस्तों संग आया था कलियर शरीफ-​मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के जिला बरेली के थाना ओला अंतर्गत ग्राम तुर्की पट्टी निवासी नेहाल अहमद का 20 वर्षीय पुत्र यसदान अपने दोस्तों के साथ पिरान कलियर दरगाह में जियारत के लिए आया था। दरगाह में हाजिरी लगाने के बाद सभी दोस्त घूमते हुए नई गंगनहर के किनारे पहुंचे थे।

​नहर पार करने का दुस्साहस पड़ा भारी​-नहर किनारे पहुंचकर यसदान पानी में उतर गया। उसने गंगनहर को तैरकर पार करने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह तैरते हुए जैसे ही नहर के बीचो-बीच पहुंचा, पानी का बहाव बेहद तेज होने के कारण वह लहरों के बीच फंस गया। पानी के जोरदार थपेड़ों के आगे उसकी एक न चली और वह गहरे पानी में डूबकर लापता हो गया। किनारे पर खड़े उसके दोस्तों ने शोर मचाकर लोगों को जुटाया, लेकिन तब तक यसदान पानी में काफी आगे बह चुका था।​

खाला के लड़के ने दी पुलिस को तहरीर, परिजनों में कोहराम​-इस हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और चीख-पुकार शुरू हो गई। युवक के साथ आए उसकी खाला के लड़के बिलाल अहमद (निवासी लक्ष्मीपुर, थाना दतोरी, जिला बदायूं, उत्तर प्रदेश) ने तत्काल स्थानीय कलियर थाना पुलिस को घटना की लिखित सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई।

​सुचना मिलते ही कलियर थाना पुलिस और जल पुलिस की गोताखोर टीम तुरंत मौके पर रेस्क्यू के लिए उतरी। कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी के अनुसार, गंगनहर का जलस्तर और पानी का बहाव बेहद तेज है, जिसके कारण सर्च ऑपरेशन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक को तलाशने के प्रयास लगातार जारी हैं। घटना की जानकारी युवक के परिजनों को दे दी गई है, जिसके बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।