कलियर,मूल पैकिंग और लेबल हटाकर दूसरे पैक में भरते थे नशे की दवाएं, दो गिरफ्तार

News129:पिरान कलियर

पिरान कलियर। मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं का कारोबार किए जाने की सूचना पर कलियर पुलिस और एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। टीम ने मोनी मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद कीं। बरामदगी में 1150 ट्रामाडोल कैप्सूल और 10 कोडीन युक्त कफ सिरप शामिल हैं। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार को लेकर हड़कंप मच गया।

एसटीएफ को सूचना मिली थी कि पिरान कलियर क्षेत्र में स्थित मोनी मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं की बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसटीएफ, ड्रग विभाग और कलियर पुलिस की संयुक्त टीम ने सावरी नावेद टी स्टॉल के सामने स्थित मेडिकल स्टोर पर दबिश दी।मौके पर कुर्बान अली निवासी महमूदपुर और आदिल निवासी मुकरपुर मिले।

टीम ने नियमानुसार मेडिकल स्टोर की तलाशी ली तो काउंटर के ऊपरी रैक से 10 कोडीन कफ सिरप बरामद हुए। इसके अलावा पारदर्शी और सिल्वर पैकिंग में 860 कैप्सूल तथा अन्य स्थान से 290 कैप्सूल मिले। कुल 1150 कैप्सूल बरामद किए गए।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि कैप्सूल ट्रामाडोल हैं और उन्हें मूल पैकिंग व लेबल हटाकर खुले में बेचा जाता था। आरोपियों के पास दवाओं के खरीद-बिक्री से संबंधित कोई अभिलेख और मौके पर किसी चिकित्सक का प्रिस्क्रिप्शन भी नहीं मिला।पुलिस ने दोनों आरोपियों को धारा 8/22/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। मामले में मुकदमा अपराध संख्या 212/2026 दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

संयुक्त टीम में ये रहे शामिलकार्रवाई में एसटीएफ के निरीक्षक भवानी शंकर पंत, उपनिरीक्षक दीपक मैठाणी, हेड कांस्टेबल देशराज और कांस्टेबल रवि पंत के साथ कलियर थाने के एएसआई रामअवतार, हेड कांस्टेबल इसरार और हेड कांस्टेबल माजिद शामिल रहे। ड्रग निरीक्षक विनोद जगुड़ी और हरीश सिंह ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।