रेप और पॉस्को जैसी संगीन धाराओं में बंद है पत्नी करीना
Haridwar Jail हरिद्वार जिला कारागार के वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज आर्य को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। धमकी फोन कॉल और व्हाट्सएप मैसेज के माध्यम से दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, धमकी रेप और पॉक्सो जैसे गंभीर मामलों में वर्ष 2023 से हरिद्वार जेल में विचाराधीन कैदी के रूप में बंद महिला करीना ( बदला हुआ नाम) के पति हिमांशु चड्ढा ने दी है। बताया जा रहा है कि करीना ने कुछ समय पहले डिप्टी जेलर के साथ अभद्र व्यवहार किया था, जिसके बाद वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने उसे जेल नियमों का पालन करने की हिदायत दी थी।

पुलिस के मुताबिक, दो दिन पहले हिमांशु चड्ढा, निवासी लुधियाना (वर्तमान निवासी ऋषिकेश), जेल में करीना से मिलने आया था। आरोप है कि मिलाई के बाद उसने फोन कॉल और व्हाट्सएप संदेश के जरिए लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेकर जेल अधीक्षक को धमकी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस फोन कॉल और व्हाट्सएप मैसेज की भी जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार करीना रेप और पॉक्सो जैसी गंभीर धाराओं में जेल में बंद है उसे 2023 में हुए मुकदमे में बाद गिरफ्तार किया गया था।