News129:-
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से सामने आया एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है। आरोप है कि विवाहिता से मिलने पहुंचे एक युवक को उसके परिजनों ने पकड़ लिया और रस्सी से बांधकर उल्टा लटका दिया। इसके बाद युवक की बेरहमी से पिटाई की गई।
मामला मिर्जापुर थाना क्षेत्र के कासमपुर गांव से जुड़ा बताया जा रहा है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक युवक रात करीब 11:30 बजे विवाहिता से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान महिला के परिजनों को इसकी भनक लग गई और उन्होंने युवक को पकड़ लिया। इसके बाद युवक के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, उसका किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया।
वायरल वीडियो में युवक रस्सी के सहारे उल्टा लटका हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि आसपास कई लोग मौजूद नजर आते हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।
वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने लिया संज्ञान रिपोर्टों के अनुसार घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी और युवक को थाने ले जाया गया था। उस समय दोनों पक्षों के बीच समझौते की बात सामने आई थी तथा युवक के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि अब वायरल वीडियो के बाद पुलिस पूरे घटनाक्रम की दोबारा जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता, मारपीट में शामिल लोगों और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं दिए जाने की बात सामने आई है। तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर युवक किसी के घर गलत तरीके से पहुंचा था तो कानून हाथ में लेकर उसे रस्सी से बांधकर पीटने का अधिकार आखिर किसने दिया? वायरल वीडियो ने इस पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।