News 129 पिरान कलियर।
दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स का आगाज हो चुका है और अब मेले में जायरीनों की भीड़ बढ़ने लगी है। उर्स की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए रुड़की ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ और तहसीलदार/दरगाह प्रबंधक विकास अवस्थी दिन-रात जुटे हुए हैं। दोनों अधिकारी लगातार मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ कमियों को दूर कराने में लगे हैं।दरगाह प्रशासन की ओर से उर्स मेले की व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग कार्यों के ठेके भी दिए गए हैं, लेकिन कुछ ठेकेदारों की कार्यशैली अब सवालों के घेरे में है। मेले के दस दिन बीत जाने के बाद भी सफाई व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त नहीं हो पाई है।
झूला रोड के नालों की अधूरी सफाई, सड़क पर डाल दिया कीचड़ मेले के सबसे व्यवस्थित बाजारों में शामिल झूला रोड पर सफाई ठेकेदार की लापरवाही सामने आई है। नालों की सफाई के लिए जेसीबी तो उतारी गई, लेकिन नालों से निकाला गया कचरा और गंदा कीचड़ मुख्य सड़क पर ही डाल दिया गया। इतना ही नहीं, कई स्थानों पर जेसीबी से नालों को भी क्षतिग्रस्त किए जाने की बात सामने आई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नालों की पूरी सफाई करने के बजाय कई जगह काम अधूरा छोड़ दिया गया है। ऐसे में अब जब उर्स में जायरीनों की भीड़ बढ़ने वाली है, सड़क पर फैला कीचड़ श्रद्धालुओं और बाजार के दुकानदारों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है।
हल्की बारिश में सड़क पर बहने लगेगा कीचड़ स्थानीय दुकानदारों और लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क से कीचड़ नहीं हटाया गया तो हल्की बारिश होते ही पूरा गंदा कीचड़ सड़क पर फैल जाएगा और नालों में दोबारा पहुंच सकता है। इससे सफाई पर खर्च होने वाला पैसा और की गई मेहनत दोनों बेकार जाने की आशंका है।लोगों का कहना है कि जब दरगाह प्रशासन सफाई व्यवस्था के लिए ठेकेदार को भुगतान कर रहा है तो काम भी पूरी जिम्मेदारी और गुणवत्ता के साथ कराया जाना चाहिए। अधूरी सफाई और सड़क पर कीचड़ छोड़ने से मेले की व्यवस्था प्रभावित हो रही है।अधिकारियों की मेहनत पर ठेकेदारों की लापरवाही भारीउर्स की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ और तहसीलदार/दरगाह प्रबंधक विकास अवस्थी लगातार अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने में लगे हैं। ऐसे में ठेकेदारों की लापरवाही अधिकारियों की मेहनत पर पानी फेरती नजर आ रही है।लोगों ने जेएम से की तत्काल कार्रवाई की मांगश्रद्धालुओं और बाजार के दुकानदारों ने रुड़की ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ से मांग की है कि झूला बाजार में फैले कीचड़ को तत्काल हटवाने के साथ नालों की पूरी सफाई कराने के निर्देश संबंधित सफाई ठेकेदार को दिए जाएं। साथ ही अधूरे कार्य की जांच कराकर ठेकेदार से तय मानकों के अनुसार काम पूरा कराया जाए, ताकि उर्स में आने वाले जायरीनों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।