उर्स मेले में पुलिस ने संभाला मोर्चा, भीड़ को हटाने के लिए करनी पड़ी सख्ती

News 129पिरान कलियर।

हजरत साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स मेले के दौरान मेला ग्राउंड में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब पुलिसकर्मी मेला क्षेत्र में अव्यवस्था दूर कराने और जूस का ठेला हटवाने पहुंचे। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया और विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई।स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों ने संयम बरतते हुए पहले भीड़ को पीछे हटने की हिदायत दी। जब लोग पीछे नहीं हटे और मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बनने लगी तो पुलिस को सख्ती दिखाते हुए लाठियां फटकारनी पड़ीं। इसके बाद भीड़ तितर-बितर हुई और स्थिति को नियंत्रित किया गया।

उर्स मेले में देशभर से बड़ी संख्या में जायरीन पहुंच रहे हैं। ऐसे में मेला ग्राउंड में रास्ते बाधित होने और भीड़ बढ़ने की स्थिति में पुलिस के सामने व्यवस्था बनाए रखना बड़ी चुनौती है। पुलिस का कहना है कि मेले में कानून-व्यवस्था और जायरीनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी तरह की अव्यवस्था फैलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

मौके पर पुलिस की तत्परता से स्थिति को जल्द ही काबू में कर लिया गया और मेला क्षेत्र में यातायात एवं भीड़ व्यवस्था को सामान्य कराया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि उर्स मेले में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का सहयोग करें और किसी भी कार्रवाई का विरोध कर माहौल खराब न करें।, मेला कोतवाल कमल मोहन भंडारी ने बताया की जो भी मेले मे शांति भंग करेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी!