News 129:- पिरान कलियर।
साबिर पाक का 758वां उर्स शुरू हो चुका है और देशभर से बड़ी संख्या में जायरीन कलियर पहुंच रहे हैं। इसके बावजूद अभी तक खाद्य विभाग की ओर से मेला क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की जांच को लेकर कोई प्रभावी अभियान नजर नहीं आया है। वहीं खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से भी दुकानों और खाद्य सामग्री की जांच की कार्रवाई नहीं किए जाने से व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
उर्स के दौरान कलियर में बड़ी संख्या में अस्थायी दुकानें और खाने-पीने के स्टॉल लगाए जाते हैं। ऐसे में खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों, मिलावटी सामान, एक्सपायरी खाद्य सामग्री और दूषित खाद्य पदार्थों की जांच बेहद जरूरी मानी जाती है। लेकिन उर्स शुरू होने के बावजूद संबंधित विभागों की ओर से व्यापक चेकिंग अभियान नहीं चलाया गया है।
स्थानीय लोगों और जायरीन का कहना है कि यदि खाद्य सामग्री की नियमित जांच नहीं हुई तो मिलावटी या खराब खाद्य पदार्थों के सेवन से श्रद्धालुओं की सेहत पर असर पड़ सकता है। बड़ी संख्या में बाहर से आने वाले जायरीनों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को देखते हुए विभाग को तत्काल अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों के नमूने लेने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।
उर्स में उमड़ रही भीड़, लेकिन विभागीय कार्रवाई का इंतजारसाबिर पाक के उर्स में प्रतिदिन हजारों जायरीन पहुंच रहे हैं। ऐसे में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही भारी पड़ सकती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खाद्य विभाग और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग संयुक्त रूप से अभियान चलाकर दुकानों, होटल, ढाबों और अस्थायी खाद्य स्टॉलों की जांच करें, ताकि जायरीनों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।
जायरीनों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला उर्स जैसे बड़े धार्मिक आयोजन में सुरक्षा केवल पुलिस व्यवस्था तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि जायरीनों को मिलने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की निगरानी भी जरूरी है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और कब तक कलियर मेला क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की जांच का अभियान शुरू किया जाता है।