पिरान कलियर की बिजली व्यवस्था पर उठे सवाल, सभासद नाजिम त्यागी ने मुख्यमंत्री को भेजा शिकायती पत्र

News 129 पिरान कलियर। नगर पंचायत पिरान कलियर के वार्ड नंबर-03 के सभासद नाजिम त्यागी ने नगर पंचायत क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था में सुधार को लेकर मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजा है। सभासद ने आरोप लगाया है कि नगर पंचायत के गठन के बाद क्षेत्र शहरी क्षेत्र में शामिल हो चुका है, लेकिन विद्युत विभाग द्वारा अभी भी कई फीडरों का संचालन पूर्व की ग्रामीण व्यवस्था के अनुसार किया जा रहा है, जिससे स्थानीय उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

शिकायती पत्र में सभासद ने बताया कि विद्युत विभाग द्वारा 9 मई 2023 को जारी पत्रों में नगर पंचायत पिरान कलियर के विद्युत फीडरों को शहरी क्षेत्र में स्थानांतरित किए जाने की आवश्यकता स्वीकार की गई थी। पत्र में 11 केवी फीडर कलियर तथा 11 केवी फीडर कलियर (ओल्ड फीडर) से संबंधित क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए इन्हें शहरी मानकों के अनुसार संचालित किए जाने की बात कही गई थी।

कलियर, महमूदपुर और दरगाह क्षेत्र समेत कई इलाकों का मामला पत्र के अनुसार नगर पंचायत क्षेत्र में मुख्य रूप से पिरान कलियर, ग्राम महमूदपुर, मुख्य कलियर दरगाह परिसर तथा मुकर्रबपुर आदि क्षेत्र आते हैं। सभासद ने कहा कि नगर पंचायत गठन के बाद इन क्षेत्रों की विद्युत व्यवस्था को शहरी क्षेत्र के मानकों के अनुरूप किया जाना आवश्यक है।

2023 के पत्रों पर कार्रवाई की समीक्षा की मांग सभासद नाजिम त्यागी ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि विद्युत विभाग को स्पष्ट निर्देश जारी कर संबंधित फीडरों को नियमानुसार शहरी क्षेत्र के अनुरूप संचालित कराया जाए। साथ ही क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति, लाइनों और अन्य व्यवस्थाओं की विभागीय जांच कर आवश्यक सुधार कराया जाए।

उन्होंने वर्ष 2023 में विद्युत विभाग द्वारा जारी पत्रों पर अब तक हुई कार्रवाई की समीक्षा कर लंबे समय से लंबित प्रकरण का शीघ्र निस्तारण कराने की भी मांग की है। सभासद ने क्षेत्र की जनता के व्यापक हित को देखते हुए मामले में जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई है।