News129:-शिवमूर्ति से आर्यनगर चौक तक डिवाइडर पर होगी विशेष सजावटी लाइटिंग, नगर आयुक्त ने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समय पर काम पूरा करने के दिए निर्देश
हरिद्वार। दीपावली पर धर्मनगरी हरिद्वार को रोशनी से सजाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों, तिराहों, डिवाइडरों और गंगा घाटों को आकर्षक लाइटिंग से जगमगाने के लिए नगर निगम ने कवायद शुरू कर दी है। इसी क्रम में नगर आयुक्त नन्दन कुमार ने देर रात शहर के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने प्रमुख चौराहों और तिराहों पर सजावटी लाइटें लगाने के साथ ही मुख्य मार्गों पर विशेष प्रकाश व्यवस्था करने के निर्देश दिए। शिवमूर्ति से आर्यनगर चौक तक पूरे डिवाइडर को आकर्षक लाइटों से सजाने की तैयारी है। इससे दीपावली के दौरान शहर के इस प्रमुख मार्ग की खूबसूरती और बढ़ेगी।इसके साथ ही गंगा घाटों और शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर भी प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए काम किया जा रहा है। नगर निगम का लक्ष्य है कि दीपावली पर हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को जगमगाती सड़कों के साथ सुंदर और आकर्षक वातावरण मिले।

शहर की प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कुल 26,250 स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट लाइटों के माध्यम से रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लाइटिंग से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं। साथ ही लाइटों की गुणवत्ता, सही इंस्टॉलेशन और उनके सुचारु रूप से जलने की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।

नगर आयुक्त नन्दन कुमार ने कहा कि दीपावली के अवसर पर धर्मनगरी को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाना नगर निगम की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।नगर निगम की इस पहल से दीपावली पर हरिद्वार के प्रमुख मार्गों, चौराहों और गंगा घाटों की रौनक बढ़ने की उम्मीद है।