News 129 हरिद्वार।
कांवड़ मेला संपन्न होने के बाद नगर निगम हरिद्वार ने शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए विशेष सफाई अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी हरिद्वार एवं नगर आयुक्त नगर निगम हरिद्वार के निर्देश पर स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर “हर घर तिरंगा, हर पग स्वच्छता अभियान” के तहत विभिन्न क्षेत्रों में वृहद स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया।
इसी क्रम में गुरुवार को शांतिकुंज के सहयोग से रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान संचालित किया गया। इसके अलावा कांवड़ मार्ग, कांवड़ पटरी, लालजीवाला, पंतदीप, चमगादड़ टापू समेत हाईवे के किनारे स्थित सर्विस रोडों पर भी सफाई कर कांवड़ मेले के दौरान जमा हुए कूड़े एवं अपशिष्ट का निस्तारण कराया गया।
सफाई अभियान का पर्यवेक्षण नगर निगम के मुख्य सफाई निरीक्षकों ने किया। रोड़ी बेलवाला में मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, बैरागी कैंप में श्रीकांत, गुरुकुल कांगड़ी सर्विस रोड पर विकास छाछर, कांवड़ पटरी पर सुनील मलिक तथा लालजीवाला क्षेत्र में सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल के नेतृत्व में सफाई कार्य कराया गया।
अभियान के दौरान उपनगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत सहित नगर निगम एवं जिला प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रही।मेला खत्म, अब शहर को स्वच्छ रखने पर जोरनगर आयुक्त नंदन कुमार ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान नगर निगम की टीम ने व्यापक स्तर पर स्वच्छता व्यवस्था संभाली।
मेला समाप्त होने के बाद भी विशेष अभियान चलाकर कांवड़ मार्गों, पार्किंग स्थलों, सर्विस रोडों और अन्य प्रमुख स्थानों पर जमा अपशिष्ट को हटाया गया है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना निगम की प्राथमिकता है।
“हर घर तिरंगा, हर पग स्वच्छता अभियान” के माध्यम से स्वच्छता के साथ नागरिकों को राष्ट्रप्रेम का संदेश भी दिया जा रहा है।नगर निगम के लगातार प्रयासों से कांवड़ मेले के बाद विभिन्न क्षेत्रों में जमा अपशिष्ट का निस्तारण कर सफाई व्यवस्था को सामान्य स्थिति में बहाल कर दिया गया है। विशेष सफाई अभियान का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है।