News 129 पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। उर्स में देशभर से पहुंचने वाले जायरीनों की भारी भीड़ को देखते हुए मेला पुलिस ने सुरक्षा इंतजामों को और मजबूत करते हुए गुरुवार को पूरे मेला क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया।

मेला कोतवाल कमल मोहन भंडारी ने डॉग स्क्वायड की टीम और प्रशिक्षित डॉग रोजर को साथ लेकर दरगाह साबिर पाक परिसर समेत मेला क्षेत्र के प्रमुख और संवेदनशील स्थानों को खंगाला।चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ने दरगाह परिसर, आसपास के क्षेत्र, आवागमन वाले रास्तों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर बारीकी से निरीक्षण किया।
डॉग रोजर की मदद से संदिग्ध वस्तुओं और ऐसे स्थानों की जांच की गई, जहां सुरक्षा की दृष्टि से विशेष सतर्कता जरूरी है। अचानक चलाए गए इस अभियान से मेला क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता साफ नजर आई।
कोतवाल कमल मोहन भंडारी ने संभाला मोर्चा उर्स मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मेला कोतवाल कमल मोहन भंडारी स्वयं मैदान में उतरकर चेकिंग अभियान की निगरानी करते नजर आए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए। साथ ही महत्वपूर्ण स्थानों पर नियमित चेकिंग और गश्त बढ़ाने पर जोर दिया गया।
कोतवाल भंडारी ने कहा कि उर्स के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मेला क्षेत्र में पुलिस की लगातार मौजूदगी रहेगी और संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जायरीनों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
सब इंस्पेक्टर ललित मोहन की टीम भी रही सक्रियअभियान में सब इंस्पेक्टर ललित मोहन ने भी पुलिस टीम के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उर्स की तैयारियों के बीच पुलिस का यह अभियान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की गंभीरता को दर्शाता है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उर्स के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए मेला क्षेत्र में चेकिंग, गश्त और निगरानी का सिलसिला लगातार जारी रहेगा। दरगाह परिसर और आसपास के संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
चेकिंग अभियान के दौरान वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश बीष्ट,सब इंस्पेक्टर ललित मोहन, नरेंद्र चंद, मनोज कुमार, दिनेश सिंह, कांस्टेबल जितेंद्र सिंह समेत पुलिसकर्मी और डॉग स्क्वायड टीम मौजूद रही। उर्स मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता लगातार बढ़ाई जा रही है।