बरेली शरीफ से 8 दिन में कलियर पहुंचा साबरी झंडा, आज होगी झंडा कुशाई

News 129 कलियर। दरगाह साबिर पाक के सालाना उर्स की तैयारियों के बीच बरेली शरीफ से रवाना हुआ साबरी झंडे का जत्था आठ दिन का सफर तय कर कलियर पहुंच गया। सूफी वसीम साबरी और कमाल साबरी की सरपरस्ती में करीब 120 अकीदतमंदों का जत्था बरेली शरीफ की नो मेला मस्जिद, दरगाह नासिर मियां से साबरी झंडा लेकर रवाना हुआ था।

जत्थे ने बरेली शरीफ से रामपुर, रामपुर से मुरादाबाद, मुरादाबाद से हरिद्वार-ज्वालापुर और ज्वालापुर से रहमतपुर होते हुए नौगांजे पीर की जियारत के बाद जुलूस की शक्ल में दरगाह साबिर पाक पहुंचकर झंडा पेश किया। कलियर पहुंचने पर दरगाह के आस्थावान लोगों ने फूल-मालाओं के साथ जत्थे का स्वागत किया।

शाम चार बजे होगी झंडा कुशाई की रस्म साबरी झंडे को दरगाह साबिर पाक के बुलंद दरवाजे पर पेश किया जाएगा। आज शाम चार बजे दरगाह के सज्जादानशीन झंडे की रस्म अदा करेंगे। इसी के साथ दरगाह साबिर पाक के सालाना उर्स की पहली प्रमुख रस्म के रूप में झंडा कुशाई की शुरुआत होगी।

बरेली शरीफ से साबरी झंडा लेकर कलियर पहुंचने की यह पुरानी रवायत है। पिछले वर्षों में भी अकीदतमंद पैदल जत्थे के रूप में झंडा लेकर कलियर पहुंचे हैं और सज्जादानशीन द्वारा दरगाह के बुलंद दरवाजे पर झंडा फहराकर रस्म अदा की जाती रही है।

झंडा कुशाई की रस्म में बड़ी संख्या में जायरीन और अकीदतमंदों के पहुंचने की उम्मीद है। रस्म को लेकर दरगाह परिसर और आसपास के क्षेत्र में उर्स का माहौल दिखाई देने लगा है।