आठ जून से घर घर जाकर शुरू होगा SIR
हरिद्वार जनपद हरिद्वार में आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में रविवार को जिला कार्यालय सभागार में ईआरओ, एईआरओ, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और बीएलए-1 के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम को समयबद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया।
14 मई को निर्वाचन आयोग ने की कार्यक्रम की घोषणा
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बैठक में जानकारी दी कि भारत निर्वाचन आयोग ने 01 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर 14 मई 2026 को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम घोषित किया है। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के सभी चरणों को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
08 जून से शुरू होगा घर-घर सत्यापन अभियान

बैठक में बताया गया कि 29 मई से 07 जून 2026 तक गणना प्रपत्रों की प्रिंटिंग और कर्मचारियों का प्रशिक्षण कराया जाएगा। इसके बाद 08 जून से 07 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण और संकलन करेंगे।
14 जुलाई को प्रकाशित होगी ड्राफ्ट मतदाता सूची
जिलाधिकारी ने बताया कि 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। सभी आपत्तियों के निस्तारण के बाद 15 सितम्बर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
अधिकारियों को दिए पारदर्शिता और त्रुटिरहित कार्यवाही के निर्देश
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी ईआरओ और एईआरओ को निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन का गंभीरता से अध्ययन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही बीएलओ और राजनीतिक दलों द्वारा नामित बीएलए के साथ नियमित बैठकें सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
11 विधानसभा क्षेत्रों में तैनात किए गए कर्मचारी
प्रशासन ने पुनरीक्षण कार्य के लिए व्यापक स्तर पर कर्मचारियों की तैनाती की है। जनपद की 11 विधानसभा सीटों में 11 ईआरओ, 64 एईआरओ, 1715 मतदेय स्थलों पर बीएलओ तथा 213 बीएलओ सुपरवाइजर लगाए गए हैं। इसके अलावा विभिन्न विभागों के कार्मिकों, आईटी स्वयंसेवकों, महिला मंगल दलों और राजनीतिक दलों द्वारा नामित बीएलए-2 को भी सहयोग के लिए जोड़ा गया है।
नए मतदाताओं के पंजीकरण पर रहेगा विशेष फोकस
जिलाधिकारी ने कहा कि बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र भरवाने का कार्य करेंगे, जिसमें बीएलए भी सक्रिय सहयोग प्रदान करेंगे। नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए प्रपत्र-6, नाम हटाने के लिए प्रपत्र-7 और संशोधन के लिए प्रपत्र-8 भरवाने में विशेष ध्यान दिया जाएगा।
मई और जून में होंगे प्रशिक्षण कार्यक्रम
बैठक में प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया गया कि 19 और 20 मई 2026 को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 21 से 23 मई तक बीएलओ, सुपरवाइजर और अन्य कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं 01 जून से 07 जून तक तहसील मुख्यालयों पर हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
राजनीतिक दलों ने जताया संतोष
बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों और व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने सभी दलों से निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की।
कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में भाजपा के बीएलए-1 राजकुमार, सुशील त्यागी, लव शर्मा, सतवेंदर सिंह, देशवाल सिंह, मनोज नायक, इंद्रजीत सिंह, सतीश कुमार दुबे और नकली सिंह सैनी सहित कांग्रेस के कमलकांत, बालेश्वर सिंह, बीएस तेजयान, अवनीश कुमार, सलमान खान और फारुख प्रधान मौजूद रहे। इसके अलावा सीपीआई (एम) के राजीव गर्ग, अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, सचिव एचआरडीए मनीष कुमार, विभिन्न उपजिलाधिकारी, नगर आयुक्त रुड़की राकेश चंद्र तिवारी तथा सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली समेत कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
