कलियर में गहराया बिजली-पानी का संकट, ग्रामीणों ने बिजली अधिकारी को पत्र सौंपकर जताई नाराजगी

​अतीक साबरी:-

संवाद सूत्र जागरण कलियर:-विश्व प्रसिद्ध धार्मिक पर्यटन स्थल पिरान कलियर इन दिनों बुनियादी सुविधाओं के घोर संकट से जूझ रहा है। भीषण गर्मी के बीच अघोषित बिजली कटौती और गहराते पेयजल संकट ने क्षेत्र के जनजीवन को पूरी तरह पटरी से उतार दिया है। हालात इस कदर खराब हैं कि जायरीनों को न तो सिर छुपाने के लिए ठंडी जगह मिल रही है और न ही गले की प्यास बुझाने के लिए शुद्ध पानी। इस गंभीर समस्या को लेकर समाजवादी अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव मौसम अली के नेतृत्व में ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को पत्र सौंपकर व्यवस्था सुधारने की पुरजोर मांग की है।​

पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया कि पिरान कलियर में प्रतिदिन देश-विदेश से हजारों की संख्या में जायरीन और श्रद्धालु जियारत हेतु पहुंचते हैं। लेकिन वर्तमान में यह पूरा क्षेत्र भीषण बिजली संकट की मार झेल रहा है। बिना किसी पूर्व सूचना के घंटों तक बिजली काटी जा रही है। अघोषित लोड शेडिंग के कारण उमस भरी गर्मी ने लोगों का बुरा हाल कर दिया है। सबसे गंभीर स्थिति पेयजल आपूर्ति की है।बिजली न होने के कारण सरकारी नलकूप संचालित नहीं हो पा रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में पानी की सप्लाई ठप पड़ी है। दूर-दराज से आने वाले जायरीनों को ठहरने के दौरान भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।​बिजली-पानी न होने का सबसे ज्यादा असर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। गर्मी के कारण घरों के भीतर बैठना दूभर हो गया है, वहीं रात-रात भर बिजली गुल रहने से बच्चों की पढ़ाई और नींद दोनों प्रभावित हो रही है।

स्थानीय व्यापार की कमर भी इस संकट ने तोड़ दी है। दुकानदारों और लघु उद्योगों का कामकाज ठप होने की कगार पर है, जिससे क्षेत्र की आर्थिक स्थिति भी चरमरा गई है।

पत्र में चेतावनी दी गई है कि यदि विद्युत विभाग के संबंधित अधिकारियों ने इस ओर तत्काल संज्ञान लेकर आपूर्ति सुचारू नहीं की, तो जनता के बीच बढ़ता आक्रोश किसी भी समय आंदोलन का रूप ले सकता है। इस अवसर पर मुख्य रूप से शाहरुख़ मलिक, हाजी खालिद, उसामा अली समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।