अतीक साबरी:-
■ वार्ड संख्या 4 में कुत्तों के हमले से दहशत, बच्चों और बुजुर्गों का घर से निकलना हुआ दूभर■
कलियर-रुड़की और कलियर-धनौरी मार्ग पर स्ट्रीट लाइट न होने से बढ़ रही दुर्घटनाएं और चोरी की वारदातेंपिरान कलियर (रुड़की)। विश्व प्रसिद्ध दरगाह पिरान कलियर क्षेत्र में इन दिनों स्थानीय निवासी दोहरी मार झेल रहे हैं। एक तरफ जहां आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक ने लोगों की रातों की नींद उड़ा दी है, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र के मुख्य मार्गों पर पसरा अंधेरा हादसों और अपराधों को खुला निमंत्रण दे रहा है। इन गंभीर जन-समस्याओं को लेकर स्थानीय निवासी शहजाद अली ने शुक्रवार को जॉइंट मजिस्ट्रेट रुड़की को प्रार्थना पत्र सौंपकर तत्काल उचित कार्यवाही की मांग की है।

वार्ड नंबर 4 में ‘कुत्तों का राज’, दहशत में ग्रामीण:=जॉइंट मजिस्ट्रेट को दिए पहले शिकायती पत्र में शहजाद अली ने बताया कि नगर पंचायत पिरान कलियर के वार्ड संख्या 4 में आवारा कुत्तों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि ग्रामीणों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। कुत्ते आए दिन छोटे बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों पर हमला कर उन्हें अपना निवाला बना रहे हैं। क्षेत्र में भय का माहौल है और लोग अपने बच्चों को घर से बाहर भेजने में डर रहे हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि पूर्व में भी कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
अंधेरे की आगोश में मुख्य मार्ग: दुर्घटनाओं और चोरी का खतरा-दूसरे प्रार्थना पत्र के माध्यम से क्षेत्र की जर्जर प्रकाश व्यवस्था पर सवाल उठाए गए हैं। शहजाद अली ने बताया कि कलियर से रुड़की तथा कलियर से धनौरी जाने वाले मुख्य मार्गों पर स्ट्रीट लाइटों का सर्वथा अभाव है। रात्रि के समय इन मार्गों पर घुप अंधेरा रहता है, जिसके कारण स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ दूर-दराज से आने वाले जायरीनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व सक्रिय हो रहे हैं और आए दिन चोरी व लूट जैसी घटनाओं का अंदेशा बना रहता है।प्रशासन ने दिया कार्रवाई का भरोसामामले की गंभीरता को देखते हुए जॉइंट मजिस्ट्रेट ने तत्काल संज्ञान लिया है। उन्होंने अधिशासी अधिकारी (EO) नगर पंचायत पिरान कलियर को निर्देशित करते हुए कुत्तों को पकड़वाने के लिए अभियान चलाने और अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर मुख्य मार्गों पर शीघ्र स्ट्रीट लाइटें लगवाने के आदेश दिए हैं।
“जनहित और सुरक्षा सर्वोपरि है यदि समय रहते इन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो भविष्य में कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है। हमें उम्मीद है कि प्रशासन जल्द ही वार्ड 4 को कुत्तों के आतंक से मुक्त कराएगा और सड़कों को रोशनी से जगमग करेगा।”— शहजाद अली
