हरिद्वार नगर निगम में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 100 से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण

NSG-NEWS 129:- हरिद्वार।

नगर निगम हरिद्वार परिसर में मंगलवार को वेल्मेड हॉस्पिटल, देहरादून के सहयोग से एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 100 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।शिविर का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच कर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा विभिन्न बीमारियों के प्रति जागरूक करना था।

इस दौरान हृदय रोग, हड्डी रोग एवं नेत्र रोग विशेषज्ञों की टीम ने ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, ईसीजी सहित विभिन्न आवश्यक स्वास्थ्य जांचें निःशुल्क कीं। जरूरतमंद कर्मचारियों को चिकित्सकीय परामर्श और उपचार संबंधी आवश्यक सुझाव भी दिए गए।मेयर किरण जैसल ने कहा कि नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी शहर की स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनका स्वस्थ रहना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य शिविर गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान करने और कर्मचारियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक सिद्ध होते हैं।

नगर आयुक्त नंदन कुमार ने कहा कि नगर निगम अपने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने वेल्मेड हॉस्पिटल की चिकित्सकीय टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।

शिविर में उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, सेनिटेशन सेल प्रभारी संजय शर्मा सहित नगर निगम के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। चिकित्सकीय टीम में डॉ. रोहित कुमार, डॉ. सचिन कुमार, डॉ. आयुषी, राहुल डोरा, अनीस जायरा, स्नेहा भट्ट, सतविंदर और परमिंदर ने अपनी सेवाएं दीं।कार्यक्रम के सफल आयोजन पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नगर निगम प्रशासन, वेल्मेड हॉस्पिटल तथा स्वास्थ्य शिविर के आयोजक सागर कोहली का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाने की अपेक्षा जताई।