NSG:-वाहन चोरों पर कलियर पुलिस का लगातार प्रहार, दो चोरी की बाइक बरामद

अतीक साबरी:-NSG:-NEWS 129

पिरान कलियर। ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली पिरान कलियर पुलिस वाहन चोरों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें एक बाइक पिरान कलियर की नई गंगनहर स्थित रॉयल पैलेस के बाहर से चोरी की गई थी, जबकि दूसरी हरियाणा के यमुनानगर क्षेत्र से चोरी की गई थी।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अली पुत्र सलीम, निवासी मुर्करबपुर (मूल निवासी ननौता, सहारनपुर) ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह नशे और अधिक पैसा कमाने के लालच में बाइक चोरी करता था। वह चोरी की बाइक बेचने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।ऑपरेशन प्रहार के तहत लगातार चल रही चेकिंग के दौरान कांस्टेबल इसरार अली की सतर्कता और पुलिस टीम की सक्रिय कार्रवाई से आरोपी को सिंचाई विभाग कार्यालय धनौरी के पास से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर जंगल में छिपाकर रखी गई दूसरी चोरी की बाइक भी बरामद कर ली गई। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरों में हड़कंप मचा हुआ है।

पुलिस जांच में सामने आया कि बरामद दूसरी मोटरसाइकिल हरियाणा के यमुनानगर थाने में दर्ज वाहन चोरी के मुकदमे से संबंधित है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में दर्ज मामलों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस ने संबंधित मुकदमे में आवश्यक धाराओं की बढ़ोतरी कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वाहन चोरी, नशा तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर इसी तरह सख्ती बरती जाएगी।

कलियर पुलिस का संदेश साफ है— अपराध कर बचना अब आसान नहीं। ऑपरेशन प्रहार के तहत वाहन चोरों पर लगातार शिकंजा कसता जा रहा है और पुलिस की तेज कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।